वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के उत्थान और उन्नयन के लिए भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) मदद करेगा। कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं आईसीसीआर के अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे से नई दिल्ली में मुलाकात की। कुलपति प्रो. त्रिपाठी ने उन्हें 230 साल पुराने प्राच्य विद्या के विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति के बारे में बताया। कुलपति ने बताया कि अध्यक्ष ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार से हर संभव सहयोग कराने की भी बात कही। उन्होंने कुछ सुझाव भी दिए हैं। कु लपति ने लद्दाख में उत्तर मध्यमा, पूर्व मध्यमा चलाने या मान्यता देने के संबंध में गत दिनों हुई कार्य परिषद के सदस्यों के निर्णय से भी अवगत कराया। डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने विश्वविद्यालय के सर्वोंन्मुखी सहयोग और शीघ्र आने की बात भी कही।