भाजपा है एक जीवंत राजनीतिक दल: अजय कुमार मिश्रा

वाराणसी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि कुछ चीजों का दाम बढ़ता है। कुछ चीजों का दाम घटता भी है। लेकिन महंगाई का थोक सूचकांक हमारे नियंत्रण में है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक जीवंत राजनीतिक दल है। एक चुनाव खत्म होता है तो भाजपा दूसरे चुनाव की तैयारियों में जुट जाती है। भाजपा चुनाव को देखते हुए किसी कार्यक्रम का आयोजन नहीं करती है। हम उत्तर प्रदेश के विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। जनता से हमारा नियमित संवाद हो रहा है और हम अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में काशी की प्राचीन समय से एक अलग मान्यता रही है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हमें यहां आने का सुअवसर मिला है। अब तो यह हमारे प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र भी है। काशी आकर बहुत ही अच्छा लग रहा है और जब भी अवसर मिलेगा सदैव आते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *