हरियाणा में शुरू हुआ कोविड-19 का तीसरा सीरो सर्वे

हरियाणा। हरियाणा में कोविड-19 का तीसरा सीरो सर्वे शुरू हो गया है। इसमें 6 साल से ऊपर के बच्चे भी शामिल किए जाएंगे। दो हफ्ते में सर्वे पूरा होगा। स्वास्थ्य विभाग के 2200 कर्मचारी पूरे प्रदेश में 36,250 नमूने एकत्रित करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने तीसरे सीरो सर्वे की शुरुआत मंगलवार को सिविल सचिवालय से की। उन्होंने बताया कि सर्वे से यह पता चल सकेगा कि कोवैक्सीन-कोविशील्ड का पहला व दूसरा टीका लगवा चुके लोगों में कितनी एंटीबॉडी बनी हैं। एक महीने से कोविड के मामले 15 से नीचे आ रहे हैं। हरियाणा जल्द कोविड फ्री स्टेट हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने बताया कि सीरो सर्वे में यह पता लगाया जाएगा कि व्यक्ति के अंदर टीकाकरण के अनुसार व संक्रमण के बाद कितनी एंटीबॉडी विकसित हुई है। यह देश का पहला ऐसा सर्वे होगा जिसमें इन सभी चीजों के आधार पर सर्वे किया जाएगा। सर्वे में स्पाइक प्रोटिन की भी जांच की जाएगी। इस महीने हरियाणा को वैक्सीन की 70 लाख डोज मिली हैं और सितंबर माह के दौरान हमने पात्र सभी लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। लगभग 1.25 करोड लोगों को पहली डोज लग चुकी है। कुल 1.73 करोड़ लोगों का टीकाकरण हो चुका है। वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि यह सीरो सर्वे पिछले किए गए सीरो सर्वे से व्यापक होगा। पिछले सर्वे में 18,500 के लगभग सैंपल लिए थे। सर्वे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में किया जाएगा। इस बार के सर्वे में 6 से 9 साल तक के लगभग 3600 बच्चों, 10 से 17 साल की आयु तक के 11 हजार और 18 साल से ऊपर के 22 हजार लोगों को शामिल किया जा रहा है। 60 प्रतिशत ग्रामीण व 40 प्रतिशत शहरी क्षेत्र के लोगों के नमूने लिए जाएंगे। दो माह में सर्वे रिपोर्ट आने से तीसरी संभावित लहर को लेकर और व्यापक तैयारी की जा सकेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने हरियाणा विलेज जनरल हेल्थ चेकअप स्कीम मोब ऐप व पुस्तिका का विमोचन किया। स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की महानिदेशक डॉ. वीना सिंह ने उनका आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *