उत्तराखंड सरकार कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार को देगी 50 लाख और सरकारी नौकरी

उत्तराखंड। अंतर्राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार को टोक्यो पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतने पर प्रदेश सरकार पुरस्कार स्वरूप 50 लाख रुपये की धनराशि और राजपत्रित नौकरी प्रदान करेगी। इसके अलावा टोक्यो ओलंपिक में एतिहासिक हेट्रिक लगाने वालीं प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को भी पुरस्कार स्वरूप पांच लाख की धनराशि प्रदान की जाएगी। विद्यालयी शिक्षा व खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने देहरादून में खेल और युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक में इसकी घोषणा की। पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड खेल नीति 2020 के तहत प्रदेश से खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए प्रत्येक जिले में सौ बालिकाओं और सौ बालकों को चयनित किया जाएगा। चयनित बालक-बालिकाओं को खेल छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रदेश में खिलाड़ियों को सामान्य आहार के साथ-साथ एक्स्ट्रा डाइट की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए खेल सचिव को निर्देशित किया गया है। प्रदेश सरकार राज्य में युवाओं के उन्नयन, खेल प्रतिभाओं को तलाशने और निखारने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पांडेय ने कहा कि बैठक में उत्तराखंड खेल नीति 2020, पीआरडी के अंतर्गत कार्यरत कर्मियों के लिए सुविधाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण संबंधित विषयों पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *