26 सितंबर तक हिमाचल से विदा होगा मानसून

हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश से 26 सितंबर तक मानसून विदा होगा। 13 सितंबर से मानसून के कमजोर पड़ने के आसार हैं। 17 सितंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है। प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अभी तक 19 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। मंडी जिले को छोड़कर प्रदेश के शेष सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। मंडी जिले में भी सामान्य से मात्र दो फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। 13 जून से 11 सितंबर तक प्रदेश भर में 566 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इस अवधि में सामान्य बारिश 696 मिलीमीटर को माना गया है। वर्ष 2020 में 30 सितंबर को हिमाचल से मानसून विदा हुआ था। इस बार मानसून में 13 जून से 11 सितंबर तक प्रदेश में कुल 99861.194 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मानसून में आपदाओं के चलते 379 लोगों की जान चली गई जबकि 13 लापता हुए। इसके अलावा इस दौरान 666 जानवरों/पक्षियों की मौत हुई। मानसून के दौरान 107 कच्चे व 45 पक्के मकानों के अलावा 634 गोशालाएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुईं। जबकि 132 पक्के, 647 कच्चे मकानों और 17 दुकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा। कृषि क्षेत्र को 4565.44 लाख व बागवानी को 2,887.57 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, पीडब्ल्यूडी को 59203.6, आईपीएच 29059.2, विद्युत 462.6, स्वास्थ्य 60.9, प्रारंभिक शिक्षा 19.45, उच्च शिक्षा क्षेत्र 45.08, ग्रामीण विकास 242.71 और शहरी विकास विभाग को 850.47 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग के तहत राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की ओर से जारी आंकड़ों में इसका खुलासा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *