जम्मू-कश्मीर में इस बार लंबा हो सकता है मानसून

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में अभी भी मानसून सक्रिय है। प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट बदली है। लगातार पिछले दो दिनों से कई इलाकों में बारिश हो रही है, जिससे पारे में गिरावट आई है। अधिकांश जिलों में रात्रि में ठंडक का अहसास बढ़ा है। जम्मू में गुरुवार की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई थी। दोपहर को अचानक काली घटाएं छाने के साथ बारिश शुरू हुई। कुछ देर के लिए हुई बारिश से पारे में गिरावट आई है। वहीं शुक्रवार को भी जम्मू-कश्मीर में ठंया मौसम बना रहा। बता दें कि मौसम के बदले मिजाज के बीच जम्मू कश्मीर में मानसून के सामान्य अवधि से बढ़ने की उम्मीद है। प्रदेश में सामान्य मानसून 15 सितंबर तक सक्रिय रहता है। इस बार अगस्त में मानसून कमजोर रहा और सितंबर में आकर फिर सक्रिय हो गया है। जम्मू संभाग के जम्मू, उधमपुर, कठुआ, रियासी आदि जिलों में निरंतर बारिश हो रही है। बारिश ने अधिकांश जिलों में रात्रि में ठंडक का अहसास शुरू कर दिया है। जम्मू में 5.8 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री गिरकर 30.0 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि उमस से अधिक राहत नहीं मिल पाई है। यहां दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 87 दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में दिन का तापमान 27.2, बटोत में 25.3 और भद्रवाह में 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 50.4 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 28.2 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के कई जिलों में भी बारिश से तापमान गिरा है। पहलगाम में 15.6 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में हल्की बारिश के साथ दिन का तापमान 25.5 और गुलमर्ग में 2.2 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का तापमान 19.8 और कारगिल में 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *