हर सीट के लिए केंद्रीय चुनाव समिति को एक ही नाम भेज सकती है भाजपा

हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव घोषित होने के साथ ही भाजपा ने प्रत्याशियों को लेकर कदमताल शुरू कर दी है। तीन अक्टूबर को धर्मशाला में चुनाव समिति की अहम बैठक होगी। बैठक से पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, पार्टी के प्रदेश प्रभारी व सह प्रभारी और चारों चुनाव क्षेत्रों के चुनाव समन्वयक, प्रभारियों और सह प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में सभी से चारों क्षेत्रों के लिए नाम लेकर उस पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान पार्टी के कराए गए सर्वे की रिपोर्ट को भी शामिल किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सीएम जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल, पार्टी के तीनों महामंत्री व संगठन महामंत्री शामिल होंगे। बैठक में पैनल में आए नामों पर चर्चा के बाद केंद्रीय चुनाव समिति को नाम भेजे जाएंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कार्यसमिति उप चुनाव के लिए मंथन करने के बाद हर सीट से सिर्फ एक-एक नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेज सकती है। बता दें कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए रतन पाल, गोविंद शर्मा और आशा परिहार, जुब्बल कोटखाई में चेतन बरागटा, नीलम सरैक, फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से कृपाल परमार, बलदेव ठाकुर और पंकज शर्मा उर्फ हैपी का नाम चर्चा में है। जुब्बल कोटखाई से ताल्लुक रखने वाली प्रज्जवल बस्टा के प्रदेश प्रवक्ता बनने और फिर आदेश पर रोक से क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना बढ़ गई है। उधर, फतेहपुर में भी किसी हैरान करने वाले नाम को भी पार्टी अपना चेहरा बना सकती है। मंडी लोकसभा क्षेत्र के लिए गोविंद ठाकुर, महेंद्र सिंह ठाकुर, महेश्वर सिंह और बिग्रेडियर खुशहाल सिंह के नाम चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *