उच्च न्यायालयों के सात न्यायाधीशों का हुआ तबादला

नई दिल्ली। देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों के सात न्यायाधीशों का तबादला कर दिया गया। पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी बार है जब उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों का तबादला किया गया है। इससे पहले, पांच अक्तूबर को 11 उच्च न्यायालय के 15 न्यायाधीशों का तबादला किया गया था। इन तबादलों की सिफारिश उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने पिछले महीने की थी। विधि मंत्रालय के कानून विभाग ने तबादले की सूची साझा की है। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति रंजन गुप्ता को पटना उच्च न्यायालय भेजा गया है। न्यायमूर्ति टी. एस. शिवागनानम को मद्रास उच्च न्यायालय से कलकत्ता उच्च न्यायालय भेजा गया है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुरेश्वर ठाकुर को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय भेजा गया है। कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति पी. बी. बैजन्त्री और राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजीव प्रकाश शर्मा को पटना उच्च न्यायालय भेजा गया है। तेलंगाना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति टी. अमरनाथ गौड का त्रिपुरा उच्च न्यायालय और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुभाष चन्द्र का तबादला झारखंड उच्च न्यायालय में किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *