देव दीपावली पर लाखों दीयों से जगमगाएंगी काशी

वाराणसी। दिवाली के 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा पर देवाधिदेव महादेव की काशी की जगमगाहट दुनिया को चकाचौंध कर देगी। कार्तिक पूर्णिमा (19 नवंबर) को देव दीपावली के दिन काशी के घाटों पर सात लाख दीये जलाए जाएंगे। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने गंगा महोत्सव एवं देव दीपावली की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को मंडलीय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। मंडलायुक्त ने बताया कि राजघाट पर तीन दिवसीय गंगा महोत्सव (17 से 19 नवंबर) का आयोजन होगा और 19 को देव दीपावली पर काशी के 84 घाट सात लाख दीयों से जगमग होंगे। देव दीपावली के दिन प्रात: कार्तिक पूर्णिमा स्नान के अवसर पर गंगा नदी में सुरक्षा के बंदोबस्त किए जाएंगे। निर्देशित किया कि नगर निगम के अधिकारी यह सुनिश्चित कराएं कि देव दीपावली के दौरान नावों पर क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। इसके लिए नाविक संघों के साथ नगर आयुक्त बैठक करेंगे। इस दौरान जल पुलिस एवं एनडीआरएफ के अधिकारी नावो से पेट्रोलिंग करेंगे। गंगा महोत्सव एवं देव दीपावली के दौरान घाटों पर सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *