समय से पहले ही कंपा देने वाली ठंड का सामना कर रहे है जम्मू-कश्मीर के लोग

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में अक्टूबर माह में बारिश और बर्फबारी से पर्वतीय इलाके समय से पहले ही कंपा देने वाली ठंड का सामना कर रहे हैं। नवंबर के पहले सप्ताह तक इस सीजन में तीन बार बर्फबारी हो चुकी है। इससे कश्मीर घाटी का तापमान सामान्य पैमाने से छह से नौ डिग्री नीचे चल रहा है। लेह और कारगिल में पारा माइनस में चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंड में भी बढ़ोतरी होगी। बीते वर्ष की तुलना में इस बार पर्वतीय इलाकों में दो सप्ताह पहले बर्फबारी हुई है, जिससे सर्दी बढ़ गई है। कश्मीर के लगभग सभी जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे आ गया है। राजधानी श्रीनगर में सुबह बादल छाने के बाद दोपहर को मौसम खुला, लेकिन शाम को दोबारा बादल छा गए। यहां दिन का तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 6.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। कारगिल में भी सर्दी बढ़ी है और यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 और पहलगाम में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में दिनभर मौसम साफ रहा। लेकिन ठंड का अहसास भी कायम है। यहां दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा गिरकर 27.5 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 5.6, बटोत में 5.3, कटड़ा में 12.3 और भद्रवाह में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *