राज्य स्थापना दिवस पर नि:शुल्क कर सकेंगे गरतांग गली की सैर

उत्तराखंड। राज्य स्थापना दिवस पर गरतांग गली की सैर नि:शुल्क होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश जारी किए हैं। जनपद में एक सप्ताह तक स्वच्छता अभियान सहित खेल गतिविधियां व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्थापना महोत्सव की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न विभागों केे अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में राज्य स्थापना दिवस पर गरतांग गली में निशुल्क सैर का निर्णय लिया गया। गरतांग गली में सैर के लिए स्वदेशी पर्यटकों से 150 व विदेशी पर्यटकों से 600 रुपये शुल्क वन विभाग की ओर से लिया जाता है, लेकिन राज्य स्थापना दिवस यह शुल्क माफ रहेगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर जनपद मुख्यालय के अलावा तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। सभी नगर निकायों में सफाई अभियान चलाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग को आठ से 10 नवंबर तक कोविड-19 की दूसरी डोज के लिए जनपद के नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग साइकिल रैली, खेल विभाग क्रिकेट, वालीबाल व क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन करेगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह, सीएमओ डा. केएस चौहान, उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, मीनाक्षी पटवाल, मुख्य शिक्षाधिकारी विनोद प्रसाद सेमल्टी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज सोनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *