उग्रवादियों के लिए सुरक्षा बलों ने शुरू किया सर्च अभियान…

असम। असम राइफल्स के काफिले पर शनिवार को उग्रवादी हमले के बाद से इलाके में सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों की तलाश में अभियान छेड़ दिया है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि उग्रवादी अंतरराष्ट्रीय सीमा से अंदर घुसे थे। उन्होंने आश्वस्त किया कि सीमा इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने उग्रवादी हमले में शहीद हुए असम राइफल्स के सीओ कर्नल विप्लव त्रिपाठी सहित असम राइफल्स के चार जवानों, अफसर की पत्नी और उनके बच्चे को इंफाल हवाई अड्डे पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि असम राइफल्स और राज्य की पुलिस जंगल में संयुक्त अभियान चला रही है। सीएम ने कहा कि सरकार ऐसी उग्रवादी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। गौरतलब है कि दो प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी और मणिपुर नगा पीपुल्स फ्रंट ने साझा विज्ञप्ति जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली थी। कर्नल त्रिपाठी के काफिले पर उस समय हमला किया गया, जब शनिवार सुबह वह खुगा स्थित बटालियन के मुख्यालय से लौट रहे थे। उग्रवादियों ने पहले आईईडी धमाका किया और उसके बाद पहाड़ी से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *