हमारे जीवन का हिस्सा है रासायनिक और पेट्रोकेमिकल उत्पाद: उर्वरक मंत्री

नई दिल्ली। रसायन और उर्वरक मंत्री मनसुख मंडाविया ने मोदी सरकार को गरीब समर्थक, किसान हितैषी और उद्योग हितैषी बताते हुए कहा कि केंद्र की मंशा घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने के लिए रसायन और पेट्रोरसायन क्षेत्र में सुधार लाने की है। मंडाविया केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री भी हैं। उन्होंने उद्योग को प्रदूषण कम करने और खतरनाक रसायनों को कम करके पर्यावरण के अनुकूल बनने के लिए कहा। मंडाविया रसायन और पेट्रोकेमिकल विभाग और फिक्की द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उर्वरक मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि मोदी सरकार गरीब, किसान हितैषी होने के साथ ही उद्योग हितैषी भी है। हम जानते हैं कि अगर देश को आगे बढ़ना है, तो औद्योगिक विकास की जरूरत है। औद्योगिक विकास के बिना देश वास्तव में प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीति देश के विकास में भागीदार रहे धन-सृजनकर्ताओं का सम्मान करने और उन्हें प्रोत्साहित करने की रही है। इस क्षेत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि रासायनिक और पेट्रोकेमिकल उत्पाद हमारे जीवन का हिस्सा बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *