आज विशेष अभियान की शुरूआत करेंगे उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया

नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आम आदमी पार्टी की नगर निगम चुनाव की तैयारियों के लिए विशेष अभियान की शुरुआत करेंगे। 2 दिसंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के लिए नगर निगमों के हर वार्ड में आम आदमी पार्टी के विशेष प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे जो अपने मंडल में पार्टी की चुनावी तैयारियों पर बारीकी से निगाह रखेंगे। इसके अलावा एक विशेष ऐप बनाया जा रहा है, जिस पर सभी लोगों को उस विशेष वार्ड से संबंधित सूचना को अपलोड किया जा सकेगा।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने रविवार को बताया कि उप मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चुनावी अभियान की तैयारी तेज की जाएगी। इसके लिए पहले चरण में सभी मंडलों में आम आदमी पार्टी के प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद उनके नेतृत्व में नगर निगम बदलो अभियान शुरू किया जाएगा। आम आदमी पार्टी दिल्ली में डबल इंजन सरकार वाले फॉर्मूले पर आगे बढ़ रही है। वह लोगों को यह विश्वास दिलाने में जुटी है कि यदि नगर निगम में भी आम आदमी पार्टी की सरकार आ जाएगी तो दिल्ली सरकार और नगर निगमों के बीच में होने वाला टकराव रुकेगा और दिल्ली का ज्यादा तेजी से विकास हो सकेगा। इस समय नगर निगम में कर्मचारियों को वेतन को लेकर बढ़ा टकराव चल रहा है। नगर निगमों का आरोप है कि दिल्ली सरकार उन्हें पर्याप्त फंड नहीं दे रही है जिसके कारण वह अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दे पा रहे हैं। वहीं, दिल्ली सरकार का कहना है कि नगर निगम भ्रष्टाचार कर रहे हैं, अपने पैसे का सही ढंग से सदुपयोग नहीं कर रहे हैं जिसके कारण वे कर्मचारियों को वेतन देने में सक्षम साबित हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि पार्टी के नगर निगमों की सत्ता में आने के साथ ही उन समस्या खत्म हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *