नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू में बढ़ी पर्यटकों की चहलकदमी

हिमाचल प्रदेश। अटल टनल रोहतांग चार दिन बाद सैलानियों की आवाजाही के लिए खुल गई है। नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू में पर्यटकों की चहलकदमी देखने को मिली। सैलानियों ने बर्फ के बीच खूब मस्ती की और एक-दूसरे पर बर्फ के गोले फेंके। सिस्सू पंचायत के पूर्व प्रधान जगदीश कटोच ने बताया कि गुरुवार को काफी संख्या में पर्यटक वाहन नार्थ पोर्टल और सिस्सू पहुंचे और बर्फ का आनंद लिया। वहीं पर्यटकों ने जिपलाइन का भी आनंद लिया। अपने सैर सपाटे को यादगार बनाते हुए पर्यटकों ने बर्फीली वादियों में फोटोग्राफी के साथ सेल्फी भी ली। बीते दिनों की बर्फबारी के चलते अटल टनल से केवल एक दिन ही पर्यटकों को नॉर्थ पोर्टल की ओर छोड़ा गया था, लेकिन वाहनों की लंबी कतार और भारी-भीड़ के चलते साउथ और नॉर्थ पोर्टल पर जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। लिहाजा तीन दिनों तक केवल फोर बाई फोर वाहनों को ही अनुमति दी गई थी। अब बीते कुछ दिन से मौसम का मिजाज ठीक चल रहा है और सड़क की स्थिति भी सुधरी है। अब ऐसे में मनाली प्रशासन ने आम वाहनों को भी टनल में प्रवेश करने की इजाजत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *