दूसरे दिन भी ऊंची चोटियों पर जारी है बर्फबारी….

उत्तराखंड। उत्तराखंड में शनिवार के बाद आज रविवार को भी बारिश, बर्फबारी जारी है। जिससे पूरे राज्य में खून जमाने वाली ठंड पड़ रही है। लोग घरों में दुबके हुए हैं। वहीं पहाड़ी इलाकों में अलाव जलाकर लोग गुजर-बसर कर रहे हैं।
वहीं देहरादून में रविवार की सुबह भी हल्की बारिश जारी रही। हालांकि बाद में धूप खिल आई। मसूरी में देर रात से बारिश हो रही है। शहर में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। चारधामों में बर्फबारी हो रही है। वहीं रूद्रप्रयाग जिले में सुबह से बारिश हो रही है। वहीं केदारनाथ में भी बर्फबारी जारी है।चमोली जनपद में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है।
चकराता, धनोल्टी और औली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी में रविवार सुबह से बारिश और बर्फबारी हो रही है। मौसम के इस मिजाज से लोग घरों में दुबके हुए हैं। बर्फबारी-बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे अभी भी बंद है। यहां तक की मार्ग खोलने का कार्य भी शुरू नहीं हो पाया है। यमुनोत्री क्षेत्र में आए आठ पर्यटक अभी भी जानकीचट्टी में ही फंसे हुए हैं।
बता दें कि उत्तरकाशी के चारों ओर चोटियां बर्फ से लकदक हो गईं हैं। नई टिहरी में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। बर्फबारी के कारण चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर दूसरे दिन भी वाहनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। श्रीनगर में रात 11 बजे से बारिश हो रही है। यहां विद्युत आपूर्ति भी ठप है।
कुमाऊं में पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों और नैनीताल के चाइन पीक पर बर्फबारी हुई है। पंतनगर, रानीखेत,  जसपुर, भवाली, रुद्रपुर, पिथौरागढ़, लोहाघाट, डीडीहाट, नैनीताल में तड़के से बारिश हो रही है। वहीं रामनगर में धूप खिली हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *