एआईआईबी के उपाध्यक्ष बने पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल….

नई दिल्‍ली। रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल को बहुदेशीय वित्त संस्थान एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बैंक के सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। इस बैंक का मुख्यालय चीन के बीजिंग शहर में है।

भारत एआईआईबी का संस्थापक सदस्य है। चीन के बाद भारत के पास ही इसके दूसरे सर्वाधिक मतदान के अधिकार हैं। इस बैंक के अध्यक्ष चीन के पूर्व वित्त उपमंत्री जिन लिकुआन हैं। 58 साल के पटेल बैंक के पांच उपाध्यक्षों में से एक होंगे। उनका कार्यकाल तीन साल का रहेगा। संभवत: वह अगले माह पदभार ग्रहण करेंगे।

पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल एआईआईबी के निवर्तमान उपाध्यक्ष डीजे पांडियन का स्थान लेंगे। पांडियन दक्षिण एशिया, प्रशांत द्वीप समूह और दक्षिण-पूर्व एशिया में एआईआईबी के ऋण के प्रभारी हैं। पांडियन इसके पूर्व गुजरात के मुख्य सचिव रह चुके हैं। वह इस माह के अंत तक भारत लौटने वाले हैं।

पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल भारतीय रिजर्व बैंक के 24 वें गवर्नर थे। उन्होंने 5 सितंबर 2016 को रघुराम राजन की विदाई के बाद पदभार ग्रहण किया था। पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल ने दिसंबर 2018 में निजी कारणों से गवर्नर पद से इस्तीफा दे दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *