भारी भूस्खलन के बाद बंद हुआ जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग….

जम्मू कश्मीर। चिनैनी के देवाल ब्रिज के पास समरोली इलाके में भारी भूस्खलन के बाद सोमवार को जम्मू श्रीनगर हाईवे यातायात के लिए बंद हो गया। इससे पहले रविवार को कड़ी मशक्कत के बाद शाम चार बजे इसे खोला गया था।

रामसू और बनिहाल समेत हाईवे पर जगह-जगह यातायात जाम लग गया है। उधमपुर और रामबन में सैकड़ों की संख्या में वाहनों को रोककर रखा गया है। फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी को राजमार्ग को खोलने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

अधिकारियों के अनुसार राजमार्ग खुलने पर केवल यात्री वाहनों को ही चलने की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद ट्रकों को छोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हर रोज यातायात प्रभावित हो रहा है।  शनिवार की शाम करीब सात बजे 16 घंटे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग को खोलने में कामयाबी मिली थी। पुलिस ने पहले रामबन में दोनों तरफ फंसे वाहनों को घाटी और जम्मू की तरफ जाने की अनुमति दी थी। इसके बाद उधमपुर में रोके गए यात्री वाहनों को घाटी जाने की अनुमति दी गई थी। लेकिन ट्रकों को पुलिस ने उधमपुर में ही रोक कर रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *