सुखना लेक के पास बनेगा स्वचालित मौसम स्टेशन…

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में बारिश का पैटर्न धीरे-धीरे बदल रहा है। कई बार देखने को मिलता है कि शहर के कुछ सेक्टरों में तेज बारिश होती है, तो कुछ सूखे रहते हैं। मौसम में आ रहे इसी बदलाव की पहचान के लिए मौसम विज्ञान केंद्र सुखना लेक के पास स्वचालित मौसम स्टेशन स्थापित करने जा रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पहले पहाड़ों पर कुछ जगह बारिश होती थी और कुछ जगह नहीं, अब पिछले कुछ वर्षों में मैदानी इलाकों में भी ऐसा ही देखने को मिल रहा है। चंडीगढ़ में सेक्टरों के मुताबिक भी ऐसा देखा जा रहा है।

ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि हर इलाके का तापमान अलग-अलग होता है। जब बादल बनते हैं, तो उस पर तापमान का असर पड़ता है। ऐसे में तापमान की वजह से बादलों में पानी की मात्रा में भी असर पड़ता है, इसलिए अक्सर देखा जाता है कि न्यू चंडीगढ़, सुखना लेक व आसपास के इलाकों में शहर के मुकाबले बारिश थोड़ी ज्यादा होती है।

उन्‍होंने बताया कि इस बदलाव की पहचान और शहरवासियों को मौसम की और सटीक जानकारी देने के लिए सुखना लेक पर स्वचालित मौसम स्टेशन बनाया जा रहा है। इसके लिए जगह की पहचान हो गई है और प्रशासन से एनओसी भी ले ली गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इसका काम शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *