नई दिल्ली। आज से चक्रवाती तूफान असानी का असर दिखना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक यह तूफान 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है।
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि तूफान असानी के असर के कारण 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने की भी संभावना है। तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में मौसम विभाग ने भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
आज इसके आंध्र-ओडिशा तटों से पश्चिम मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की संभावना है। वहीं मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिम मध्य और उससे सटी दक्षिण बंगाल की खाड़ी में समुद्र बहुत तीव्र स्थिति की संभावना है।
ऐसे में 13 मई तक मछुआरों को तटों पर न जाने की सलाह दी गई है। चक्रवात असानी का असर बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में भी देखने को मिलेगा। यहां 11 व 12 मई को पूर्वी यूपी में चमक के साथ तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है।