शिंजो आबे का निधन, भारत में कल राष्‍ट्रीय शोक

नई दिल्‍ली। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन हो गया। आज सुबह नारा शहर में भाषण देने के दौरान उन पर पीछे से दो गोलियां दागीं गईं। पीएम नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’

पीएम मोदी ने कहा है कि, शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान है, इसलिए कल भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। उन्होंने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ मेरा जुड़ाव कई साल पुराना है। मैं गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जानता था। मेरे पीएम बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। पीएम मोदी ने कहा कि अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।

पीएम मोदी ने एक अन्य ट्वीट में टोक्यो में शिंजो आबे के साथ अपनी सबसे हालिया मुलाकात की एक तस्वीर साझा की। प्रधानमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि वे हमेशा भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रयासरत रहते थे। उन्होंने अभी-अभी जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला था।

पीएम मोदी ने कहा कि शिंजो आबे ने भारत-जापान संबंधों को एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर तक ले जाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। शोक की इस घड़ी में पूरा भारत जापान के साथ है और हम इस कठिन क्षण में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।

जापान यात्रा के दौरान शिंजो आबे के साथ अपनी मुलाकात को याद करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि ‘अपनी हाल की जापान यात्रा के दौरान, मुझे उनसे दोबारा मिलने और कई मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिला। उन्होंने हमेशा की तरह मजाकिया और समझदारी भरे अंदाज में मुलाकात की थी। मुझे क्या पता था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी। उनके परिवार और जापानी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख:-
जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दुख व्यक्त किया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताते हुए ट्वीट किया कि ‘भारत ने एक करीबी दोस्त खो दिया है जिसने भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम किया।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *