पीवी सिंधु ने जीता गोल्‍ड मेडल

स्पोर्ट्स। कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। उन्होंने आज महिला एकल के फाइनल में कनाडा की मिशेल ली को हरा कर स्‍वर्ण पदक हासिल किया है। सिंधु ने यह मुकाबला 21-15, 21-13 से अपने नाम किया। राष्ट्रमंडल खेलों में वह पहली बार एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहीं हैं।

इससे पहले 2018 गोल्ड कोस्ट में उन्हें मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण मिला था। तब एकल में वह साइना नेहवाल के खिलाफ फाइनल हार गई थीं। कॉमवेल्थ गेम्स 2022 का आज आखिरी दिन है। भारत 19 गोल्ड, 15 सिल्वर और 22 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 56 पदक जीत चुका है। मेडल टैली में टीम इंडिया इस समय 5वें पायदान पर है।

पीवी सिंधु ने पहले गेम में शानदार शुरुआत की। उन्होंने 4-2 से बढ़त बना ली थी, लेकिन मिशेल ली ने तुरंत वापसी की और स्कोर को बराबरी पर ला दिया। उसके बाद दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले गेम में ब्रेक तक सिंधु 11-10 से आगे थीं। ब्रेक के बाद सिंधु ने तुरंत ही पांच अंकों की बढ़त हासिल कर ली। स्कोर 17-12 हो गया। मिशेल ली ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु लगातार आक्रामक शॉट लगा रही थीं। उन्होंने पहले गेम को 21-15 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में मिशेल ली ने पहला अंक हासिल किया। उसके बाद सिंधु ने वापसी की। उन्होंने अपनी ताकत का इस्तेमाल करके दो-तीन जबरदस्त स्मैश लगाए। ली के पास इसका कोई जवाब नहीं था। वह ब्रेक तक 11-6 से आगे हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *