जानें मौसम का हाल…

नई दिल्ली। मानसून के दूसरे दौर की बारिश अब लोगों के लिए समस्‍या बन गई है। देश के पांच राज्यों से तबाही की खबर आ रही है। इन राज्‍यों में 24 घंटों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 33 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 17 लोग लापता हैं। हिमाचल में 22 लोगों की मौत हुई है। यहां सबसे अधिक तबाही मंडी, कांगड़ा और चंबा में हुई है। उत्तराखंड में चार लोगों ने जान गंवा दी है। इसके अलावा ओडिशा में चार, जम्मू-कश्मीर में दो और झारखंड में एक की मौत हुई। इस बीच कई इलाकों में बाढ़ का अलर्ट भी जारी किया गया है।

यूपी के कई जिलों में बाढ़ की चेतावनी:

पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद शनिवार को गंगा, कोटावाली और मालन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों ही नदियों में आई बाढ़ अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत का सबब बनती जा रही है। अब बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में भी घुसने लगा है। हमीरपुर में अब यमुना और बेतवा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बुधवार को फिर से डैमों से चार लाख से अधिक क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बेतवा नदी उफान पर है।

बिहार के कई जिलों में बाढ़ का खतरा:-
बिहार के कई जिलों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इन जिलों में बक्सर, पटना, भोजपुर ,सारण शामिल हैं। इसके अलावा सहरसा, कटिहार, खगड़िया में भी बाढ़ का पानी निचले इलाके में प्रवेश कर गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

 ओडिशा में बाढ़ का अलर्ट:-
ओडिशा के 10 जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। बाढ़ के कारण कई जिलों की नदियां उफान पर हैं। साथ ही प्रदेश के निचले स्तर में पानी घुसने से कई लोग बेघर हो गए हैं।

एमपी और पूर्वी यूपी को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान:-

भारत मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिमी छत्तीसगढ़ और इससे सटे पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और दक्षिण पूर्व यूपी पर गहरा दबाव कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया। यह उत्तर मध्य प्रदेश में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखेगा और अगले 24 घंटों के दौरान एक अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में कमजोर होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *