यूपी और उत्तराखंड में भारी बारिश के आसार…

नई दिल्ली। मौसमी सिस्टम बनने की वजह से अगले दो दिनों तक यूपी तथा उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने इन दोनों राज्यों में शुक्रवार और शनिवार के बीच कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आज गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश के चंबल संभाग और पश्चिमी हिस्से तथा राजस्थान के कुछ भागों में भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार अगले दो तीन दिनों तक ओडिशा, महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और गोवा में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 17 सितंबर तक यूपी और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

दिल्ली एनसीआर में भी बारिश के आसार-
राजधानी दिल्ली व एनसीआर में बीती रात अच्छी बारिश हुई। आज भी बारिश हो सकती है। अगले दो दिन तक यह सिलसिला बने रहने की संभावना है। इससे मौसम सुकुनदायक बना रहेगा। तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश व तेलंगाना में भी बारिश की संभावना है।

लखनऊ में भारी वर्षा, स्कूलों में छुट्टी:-
भारी बारिश के कारण लखनऊ में जगह-जगह जलभराव हो गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जिले में 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलो में अवकाश रखने का निर्देश जारी किया है। मानसून के ताजा दौर से यूपी में अल्प वर्षा की स्थिति थोड़ी सुधर सकती है। राज्य में अब तक 45 फीसदी तक कम वर्षा हुई है, इस कारण सूखे का खतरा मंडरा रहा था।

मध्य यूपी, महाराष्ट्र व पश्चिमी मप्र में रहेगा पूर्वी हवाओं का जोर:-
मौसम विभाग के अनुसार इस समय भारत में उत्तर पूर्वी हवाएं पश्चिम-दक्षिण की ओर बह रहीं हैं।  भारत की पूर्वी दिशा के दो चक्रवात अभी भी सक्रिय हैं जिनसे पूर्वी हवाओं के साथ बादलों का प्रवाह बना हुआ है। आज मध्य यूपी, पश्चिमी मध्य प्रदेश और मुंबई सहित महाराष्ट्र में वर्षा का जोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *