दिल्‍ली के इन बाजारों से करिए करवा चौथ की खरीदारी…

यात्रा। पति और पत्नी के रिश्ते का सबसे बड़ा पर्व करवा चौथ आने वाला है। करवा चौथ हर सुहागिन महिला के लिए खास दिन होता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु की कामना करते हुए निर्जला व्रत करती हैं। पूरा दिन व्रत के बाद रात में पूजा करती हैं और चांद देखकर व्रत खोलती हैं। करवा चौथ पर पति भी पत्नी के साथ पूजा में शामिल होते हैं।

करवा चौथ पर महिलाएं सोलह श्रृंगार करती हैं। अपनी शादी का जोड़ा या कोई सुंदर सी साड़ी पहनकर पूजा करती हैं। करवा चौथ के लिए महिलाओं की खरीदारी भी पहले ही शुरू हो जाती है। अगर आप भी नई साड़ी पहनना चाहती हैं, तो खरीदारी के लिए दिल्ली की कुछ बाजारों की ओर रुख कर सकती हैं। दिल्ली में कई ऐसी जगहें हैं, जहां सबसे सस्ती साड़ियां मिलती हैं, जो डिजाइनर साड़ी से कम नहीं लगतीं।

लाजपत नगर बाजार:-
दिल्ली के लाजपत नगर में आपको कम दाम में डिजाइनर साड़ियां आसानी से मिल जाएंगी। शिमरी साड़ी, शिफॉन साड़ी समेत भारी काम वाली डिजाइनर साड़ियों को आप अपने बजट में खरीद सकते हैं। साथ ही डिजाइनर फैब्रिक से मनपसंद साड़ी तैयार करवा सकती हैं।

करोल बाग:-
एथनिक वियर या साड़ी के लिए दिल्ली का करोल बाग बाजार फेमस है। यहां कई सारे शॉपिंग मॉल और दुकानें हैं, जहां सस्ते दामों में खूबसूरत साड़ियां मिल जाती हैं। कम पैसों में डिजाइनर और आकर्षक साड़ी के लिए करोल बाग जा सकते हैं।

कमला नगर बाजार:-
करवा चौथ पर अगर आप सोबर और खूबसूरत साड़ी पहनना चाहती हैं तो कमला नगर मार्केट जाएं। यहां बजट में एक से बढ़कर एक शानदार साड़ियों का आपको कलेक्शन मिल जाएगा। वहीं अगर दिल्ली की भीड़ भाड़ वाली मार्केट में खरीदारी करने से बचना चाहते हैं तो भी कमला नगर बाजार आपके लिए बेस्ट जगह है।

चांदनी चौक:-
दिल्ली की सबसे प्रसिद्ध बाजारों में चांदनी चौक का नाम शामिल है। चांदनी चौक बाजार को शादी की खरीदारी के लिए सबसे बेहतर जगह माना जाता है। यहां आपको कई वैरायटी की साड़ियां मिल जाएंगी। चांदनी चौक में मोल भाव बहुत ज्यादा होता है, इसलिए यहां खरीदारी से पहले दो तीन बार मार्केट को अच्छे से घूम लें। हैवी साड़ियों के लिए चांदनी चौक से खरीदारी करना बेहतर रहेगा। आप यहां कम रेट में जरी वर्क साड़ी, डिजाइनर साड़ी, सिल्क की साड़ी खरीद सकते हैं। डिजाइनर साड़ियों की यहां हूबहू नकल मिल जाएगी। जिसे आप अपने रेट में खरीद पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *