अयोध्या में दिव्य‍ दीपोत्सव आज…

अयोध्या।  इस बार अयोध्या का छठा दीपोत्सव नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। पहली बार पीएम मोदी इसके साक्षी बनेंगे। इस बार 15 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की भी तैयारी है। कई देशों के राजदूतों के साथ 10 हजार लोग इसके गवाह बनेंगे। राजतिलक के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पों की बारिश होगी। श्रीराम की स्तुति गूंजेगी।

पूरी अयोध्या राममय हो गई है। दीपोत्सव की अद्भुत छटा बिखर रही है। रामकथा पार्क को राजभवन की तरह सजाया गया है। रविवार शाम यहां पुष्पक विमान रूपी हेलिकॉप्टर से माता सीता व तीनों भाइयों के साथ भगवान श्रीराम उतरेंगें तो सीएम योगी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद श्रीराम का राज्याभिषेक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में उनका राजतिलक कर आरती उतारेंगे।

इस बार सरयू पुल पर करीब 20 मिनट तक पटाखों की आतिशबाजी होगी। पीएम, सीएम सरयू तट पर बने मंच से इसे निहारेंगे। पुल व घाटों को फूलों व झालरों से सजाया गया है।

आज 5001 बत्ती की महाआरती करेंगे पीएम मोदी:-  

पीएम मोदी रामनगरी में 3 घंटे 20 मिनट तक रहेंगे। इस दौरान वे रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। 6.10 बजे भगवान श्रीराम के स्वरूप का राज्याभिषेक करेंगे। इसके बाद सरयू तट पर आरती में सम्मिलित होंगे और फिर राम की पैड़ी पर दीपोत्सव में शामिल होंगे।

विश्व रिकॉर्ड की तैयारी:-

रविवार को राम की पैड़ी पर 15 लाख दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी भी है। इसके लिए गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम मौजूद रहेगी। रिकॉर्ड बनाने के लिए 15 लाख दीपकों को 5 मिनट तक लगातार जलना जरूरी है। साथ ही सभी दीपकों को 40 मिनट के अंदर जलाना होगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *