पहली बार छह महिला अधिकारियों ने पास की डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज की परीक्षा

नई दिल्ली। पहली बार छह महिला अधिकारियों ने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज की परीक्षा पास की है। भारतीय सेना के अधिकारी ने जानकारी दी कि एक महिला अधिकारी ने अपने पति के साथ परीक्षा पास की है जो एक सेना अधिकारी भी हैं। इनमें से दो महिला अधिकारी सैन्य खुफिया कोर से हैं। भारतीय सेना के इतिहास में पहली बार महिला अधिकारियों को प्रतिष्ठित डीएसएससी में प्रवेश मिला है।

अधिकारियों ने कहा कि पहली बार छह महिला अधिकारियों ने प्रतिष्ठित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और डिफेंस सर्विसेज टेक्निकल स्टाफ कोर्स  परीक्षा पास की है। यह परीक्षा हर साल सितंबर में आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि इनमें से चार अधिकारी तीनों सेवाओं के अपने पुरुष समकक्षों के साथ तमिलनाडु के वेलिंगटन में स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में एक साल का कोर्स करेंगे। शेष दो महिला अधिकारियों में से एक डिफेंस सर्विसेज टेक्निकल स्टाफ कोर्स की आरक्षित सूची में है और दूसरी को प्रशासन और रसद प्रबंधन कोर्स / इंटेलिजेंस स्टाफ कोर्स के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।

महिला अधिकारियों को स्टाफ नियुक्तियों के परिचालन, सैन्य खुफिया, परिचालन रसद और प्रशासनिक पहलुओं के लिए प्रशिक्षण और दिशानिर्देश प्रदान किया जाएगा। सेना ने अधिकारी ने कहा कि भारतीय सेना के 1,500 से अधिक अधिकारी डीएसएससी/डीएसटीएससी प्रवेश परीक्षा में शामिल होते हैं। इस साल पहली बार सेना की 22 महिला अधिकारियों को संबंधित शस्त्रों और सेवाओं में स्थायी कमीशन प्रदान किया गया, ये सभी परीक्षा में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *