दारागंज रेलवे स्टेशन माघ मेले में रहेगा बंद

प्रयागराज। अगले वर्ष की शुरूआत में प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले के दौरान दारागंज रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए बंद रहेगा। इस अवधि में यहां किसी भी ट्रेन का स्टॉपेज नहीं होगा। मेला अवधि में यह व्यवस्था लागू होगी। इस दौरान प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन भी मौनी अमावस्या पर यात्रियों के लिए बंद रहेगा। हालांकि, प्रयागराज संगम से ट्रेनों का संचालन पहले की ही तरह रहेगा।

रेलवे और जिला प्रशासन यह मानकर चल रहा है कि जिस तरह कोरोना काल से पहले माघ मेले में भीड़ रहती थी, इस वर्ष भी पहले के ही भांति भीड़ रहेगी। दारागंज और प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन माघ मेला क्षेत्र के काफी नजदीक है। पूर्वोत्तर रेलवे के दारागंज रेलवे स्टेशन की बात करें तो मुख्य सड़क से वह काफी ऊपर है। स्टेशन पहुंचने का रास्ता भी बहुत संकरा है। ऐसे में अगर माघ मेले के स्नान पर्व के दौरान वहां अचानक भीड़ बढ़ती है तो वहां भगदड़ जैसी स्थिति होने के आसार हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 6 जनवरी 23 को पौष पूर्णिमा से 16 फरवरी 23 महाशिवरात्रि तक दारागंज रेलवे स्टेशन को पूर्ण रूप से बंद करने का निर्णय लिया है।

रेलवे स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों  के अलावा यहां अन्य किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसी तरह उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधीन आने वाले प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन को भी माघ मेले के सभी स्नानपर्व पर बंद करने पर जिला और रेलवे प्रशासन ने विचार-विमर्श किया। अंत में तय हुआ कि सिर्फ मौनी अमावस्या के दिन 21 जनवरी 2023 को ही स्टेशन यात्रियों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान यहां ट्रेनें तो चलेंगी, लेकिन उसमें बैठने के लिए यात्रियों को प्रयाग जंक्शन स्टेशन पहुंचना होगा।

काफी विचार विमर्श के बाद तय हुआ है कि प्रयागराज संगम स्टेशन मौनी अमावस्या के दिन यात्रियों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। इस दौरान प्रयाग जंक्शन से ही यात्री ट्रेन पकड़ सकेंगे।

  • माघ मेला  स्नान पर्व –
    स्नान पर्व              तिथि                              दिन

    पौष पूर्णिमा            06 जनवरी 2023           शुक्रवार
    मकर संक्रांति          14 जनवरी 2023           शनिवार
    मौनी अमावस्या     21 जनवरी 2023            बृहस्पतिवार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *