ब्रेकफास्ट में बनाएं गुड़ का पराठा

रेसि‍पी। सर्दियों के मौसम में बहुत से लोगों को गुड़ का पराठा काफी पसंद आता है। सर्दियों में गुड़ का पराठा एक स्‍वादिष्‍ट ब्रेकफास्ट हो सकता है। शरीर को एनर्जी देने वाला गुड़ का पराठा स्वाद में भी बेहद शानदार लगता है। सर्दियों में गुड़ का पराठा बॉडी की गर्माहट बरकरार रखने में भी मददगार होता है। बच्चों से लकर बड़ों तक को गुड़ का पराठा काफी पसंद आता है।

गुड़ के गुणों से तो हम सभी वाकिफ हैं लेकिन इसके फायदे जानने के बावजूद भी कई लोग इसे डेली डाइट में शामिल नहीं कर पाते हैं, ऐसे में ब्रेकफास्ट में गुड़ का पराठा बनाकर खाया जा सकता है। गुड़ का पराठा बच्चों के टिफिन बॉक्स में भी रखा जा सकता है। कई घरों में नाश्ते में पराठा बनाया जाता है, ऐसे में गुड़ का पराठा उसका एक अच्छा विकल्प हो सकता है। गुड़ का पराठा बनाना काफी आसान है और ये कम वक्त में ही बनकर तैयार हो जाता है। आइए जानते हैं गुड़ का पराठा बनाने की सिंपल रेसिपी-

गुड़ का पराठा बनाने के लिए सामग्री:-
गेहूं का आटा – 2 कप
देसी घी – 2-3 टेबलस्पून
गुड़ – 3/4 कप
मक्खन – 1/2 कप
बादाम पाउडर – 1/4 कप
चावल का आटा – जरूरत के मुताबिक
इलायची पाउडर – 1/2 टी स्पून
नमक – स्वादानुसार

गुड़ का पराठा बनाने की विधि:-

गुड़ का टेस्टी पराठा बनाने के लिए सबसे पहले गहरे तले वाले बर्तन में गेहूं का आटा छान लें। इसके बाद आटे में 2 टेबलस्पून देसी घी और चुटकी भर नमक डालकर मिक्स कर दें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। जब आटा गूंथ जाए तो उसे एक सूती कपड़े से ढककर 15-20 मिनट के लिए अलग रख दें। अब एक अन्य बर्तन लें और उसमें गुड़ का चूरा, बादाम पाउडर और आधा चम्मच इलायची डालकर अच्छे से मिला लें।

अब आटा लें और उसे एक बार और गूंथने के बाद समान अनुपात में लोइयां बना लें। अब एक लोई को लेकर उसे गोल बेलें। इसके बाद गुड़-बादाम के थोड़े से मिश्रण को लेकर बेली रोटी के बीच में रखें और चारों ओर से बंद कर उसकी लोई दोबारा बनाएं और चावल के आटे का पलेथन लगाकर गोल पराठा बेल लें। इसी तरह सारे मिश्रण के पराठे तैयार कर लें।

अब एक नॉनस्टिक पैन/तवे को मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। जब तवा गर्म हो जाए तो उसमें थोड़ा सा मक्खन डालकर चारों ओर फैला दें। इसके बाद बेला हुआ पराठा डालें और एक तरफ से 30-40 सेकंड तक सेकें और फिर पलट दें। अब दूसरी ओर ऊपर से मक्खन लगाकर पराठा सेकें। पराठा पलट-पलटकर तब तक सेकें जब तक कि वह सुनहरा होकर क्रिस्पी न हो जाए।
जब पराठा सिक जाए तो उसे एक प्लेट में अलग उतार लें। इसी प्रक्रिया को अपनाते हुए एक-एक कर सारे गुड़ के पराठे तैयार कर लें। आप चाहे तो पराठा सेकने के लिए मक्खन के बजाय तेल का भी प्रयोग कर सकते हैं। नाश्‍ते में गर्मागर्म गुड़ के पराठे को सर्व करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *