घने कोहरे के कारण यूपी में रात्रि बस सेवा पर रोक

नई दिल्ली। देश के कई राज्‍यों में कड़ाके की ठंड ने दस्‍तक दे दी है। दिल्‍ली, उत्‍तर प्रदेश समेत कई राज्‍यों में घना कोहरा छाया है। घने कोहरे के कारण दृश्‍यता कम होने से सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है।  उत्तर भारत में भीषण ठंड को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने से सड़क हादसों में पंजाब में पांच, तो यूपी में तीन लोगों की मौत हो गई।

यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि घने कोहरे के कारण हो रहे हादसों को देखते हुए राज्य सरकार ने रोडवज बसों की रात्रिकालीन सेवा मंगलवार से बंद करने का फैसला किया है। पंजाब सरकार ने 21 जनवरी तक सभी स्कूलों को सुबह 10 बजे से खोलने का आदेश दिया है।घने कोहरे के चलते कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। राजधानी दिल्ली में 70 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें 2 से 6 घंटे की देरी से चलीं। वहीं, 20 से अधिक विमान 15 से 30 मिनट की देरी से उड़े। मुरादाबाद में 32 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। पंजाब में 15 ट्रेनें करीब सात घंटे तक देरी से चलीं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज हुआ था।

मौसम विभाग ने सप्ताह के अंत तक शीतलहर व घना कोहरा पसरे रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने घने कोहरे व शीत लहर के कारण यलो अलर्ट जारी किया है।

यूपी में कोहरा होते ही रास्ते में ठहरेंगी बसें:-
यूपी में घना कोहरा होते ही रोडवेज की बसें रास्तों में बस स्टेशन, ढाबा, थाना, पेट्रोल पंप या टोल प्लाजा पर रोक दी जाएंगी। बसें वहां से तभी रवाना होंगी जब कोहरा छंट जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *