प्रदेश के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी

खनऊ। उत्‍तर प्रदेश में घने कोहरे के साथ गलन भरी भीषण ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड से मंगलवार को लोग घरों के भीतर भी ठिठुरते रहे। यूपी के अधिकतर जिलों में धूप का इंतजार दिन भर जारी रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए उत्‍तर प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे, शीतलहर और कोल्ड-डे कंडीशन को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक खराब मौसम का अलर्ट भी जारी की है।

लखनऊ में चुभती हवाओं के बीच सूरज के कोहरे से ढके होने से लोग मंगलवार को कांपते रहे। जबरदस्त ठंड के चलते दिन का पारा 6.4 डिग्री लुढ़ककर 10.6 डिग्री जा पहुंचा। न्यूनतम तापमान भी सोमवार की अपेक्षा 3.3 डिग्री कम होकर 6.7 डिग्री दर्ज हुआ। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल लखनऊ के लिए रेड अलर्ट है। यहां कोल्ड डे और शीतलहर से इनकार नहीं किया जा सकता है। इससे पहले सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई। तड़के दृश्यता 50 मीटर तक थी। इसके बाद 8.30 बजे तक अचानक दिखना बंद हो गया। नौ बजे तक दृश्यता शून्य बनी रही। इसके बाद दृश्यता बढ़ी जरूर, पर अधिकतम 800 मीटर ही रही। लोग दिनभर गलन से कांपते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *