13 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का वाराणसी में होगा आगमन

वाराणसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 13 फरवरी को पहली बार वाराणसी में आगमन हो रहा है। वह करीब पांच घंटे के प्रवास के दौरान बाबा विश्वनाथ और काल भैरव का दर्शन-पूजन करेंगी और दशाश्वमेध घाट स्थित गंगा आरती देखेंगी। इसके बाद देर शाम विशेष विमान से नई दिल्ली लौट जाएंगी। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन और जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने रविवार शाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। दोनों अधिकारियों ने मातहतों से कहा कि यातायात व्यवस्था की कार्ययोजना ऐसी बनाई जाए कि जिसके चलते आमजन को परेशानी न हो। राष्ट्रपति के आवागमन से संबंधित रूट पर अभियान चला कर अतिक्रमण हटाया जाए। साथ ही, सड़क और मार्ग प्रकाश की व्यवस्था को भी समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए।

पुलिस अधिकारियों को कहा गया है कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर उनके भ्रमण से संबंधित सभी मार्गों और स्थानों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहे। नगर निगम, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, वीडीए और पुलिस आपस में समन्वय बनाकर ऐसे काम करें कि पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रपति विशिष्ट अनुभव लेकर वापस लौटें।

तैयारियों में किसी भी किस्म की लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा G-20 की बैठकों के मद्देनजर शहर में 36 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन चिह्नित स्थानों में अतिक्रमण, सड़क और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को प्रभावी तरीके से कार्रवाई के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *