Ballia: प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री व नगर विधायक दयाशंकर सिंह के संकल्प से महर्षि भृगु मुनि की तपोस्थली पर सोमवार को विधि-विधान से श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। नगर के टाउन डिग्री कालेज मैदान में शुरू हुई कथा में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक प्रेम भूषण जी महराज ने पहले दिन भगवान श्रीराम जी की महिमा का वर्णन किया। कथा का शुभारंभ देवताओं के पूजन व आरती के साथ हुआ।
संगीतमय दिव्य श्रीराम कथा में प्रेम भूषण जी महाराज ने कहा कि माता पार्वती ने भगवान शिव से प्रश्न किया कि ब्रह्म निर्गुण हैं तो उन्हें सगुण होने की आवश्यकता क्यों पड़ी। तब भगवान शिव ने उत्तर दिया कि सगुण व निर्गुण दोनों एक ही है। भक्तों के निवेदन पर उनके आनंद के लिए परमात्मा सगुण रुप धारण करते हैं। विप्र, धेनु, सुर, संत हेतु प्रभु लिन्ह मनुज अवतार। महाराज जी ने कहा कि बोध के द्वारा हमारी कामनाओं का शमन होता है। इससे व्यक्ति का चित्त शांत रहता है और शांत चित्त में ही परमात्मा का अवतरण होता है, क्योंकि परमात्मा शांताकार हैं।
श्रुति, वेद, पुराण के अनुसार जीवन जीने वाला व्यक्ति ही धार्मिक है और इसके विरुद्ध आचरण करने वाला अधार्मिक। श्रीराम कथा के पहले दिन भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, नारद राय, मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह आदि ने रामायण व सभी देवताओं का पूजन कर उनका आह्वान किया।
श्रीव्यास पीठ पर महाराज जी के आसन लेने व पूज्य श्री ठाकुर जी के स्थापना के बाद लोगों ने पीठ का पूजन किया। कथा में रिंकू दुबे, विश्वजीत तिवारी, संतोष सिंह, जितेंद्र राव, हर्ष सिंह, अनिल पांडेय आदि मौजूद रहे। वहीं कल के कथा में राजन जी महाराज जी भी मौजूद रहेंगे।