Ghazipur: जिला गाजीपुर अन्तर्गत चल रही 83 दिवसीय आध्यात्मिक वैचारिक जनजागरण यात्रा के क्रम में कासिमाबाद विकास खण्ड के ग्राम महेश की बाग में पड़ाव स्थल पर आज सत्संग कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें अपने प्रवचन में सन्त पंकज जी ने गृहस्थ आश्रम को सबसे अच्छा बताया। इसमें रहकर मेहनत औऱ ईमानदारी से अपनी जीविका कमायें। थोड़ा सा समय निकालकर भगवान का भजन भी करें, जिसका वादा पैदा होने से पहले सबने किया था। लेकिन जब बड़े हुए तो संसार और इसके सामानों को इक्ट्ठा करने में लग गये। जब जाने का समय आया तो टकटकी लगा कर देखते हैं कि मौत की पीड़ा में हमारी कोई मदद कर दे।
अन्तिम समय में गुरु के अलावा कोई मददगार नहीं होता। इसलिए सन्त सतगुरु की शरण लेने की जरूरत है, जो अन्तिम समय में हमारी आत्मा को संभाल कर दें। सारी आत्मायें प्रभु के देश अजर-अमर लोक से शब्द पर उतार कर लाई गई। अब इसका सम्बन्ध शब्द से टूट गया। जब सर्वशक्तिमान सतगुरु आप को मिलेंगे तो कलयुग की सरल साधना सुरत शब्द योग (नाम योग) का रास्ता आप को बता देंगे और अपना सहारा देकर आप की आत्मा को शब्द (नाम) से जोड़ देंगे। आप की जीवात्मा जन्म-मरण के बन्धन से मुक्त हो जायेगी। इसीलिए यह मानव जीवन आप को मिला है।
सन्त पंकज जी महाराज ने बताया कि इस संसार के ऊपर लिंग लोक, सूक्ष्म और कारण लोकों की रचनायें हैं, नाम योग की साधना से जब आप की आत्मा आकाशवाणी से जुड़ जायेगी तो आप की दिव्य दृष्टि खुल जायेगी। आप भूत, भविष्य, वर्तमान के ज्ञाता हो जायेंगे। इतना बड़ा रूहानी खजाना आप के अन्दर भरा है। दुनिया तो लड़ने-झगड़ने में लगी है। सन्त महात्मा इसी का बोध कराते हैं। नर्कों चौरासी की पीड़ा से जीवों को बचाते हैं।
उन्होंने स्मरण दिलाया, गाजीपुर सन्तों की धरती है। आप इसकी खानदानियत निभाईये। जीवन शाकाहारी-सदाचारी व नशामुक्त बना कर आत्म कल्याण करायें। परम सन्त बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ने इस जिले में अमोलक धन नामदान की अलौकिक दौलत बांटी है जिसे पाकर लाखों लोग सुरत शब्द योग की साधना कर रहे हैं। हमारी संस्था उनके पावन संदेशों व कार्यों को निरन्तर आगे बढ़ाने में लगी हुई है। आइये अच्छे समाज के निर्माण में भागीदार बनिये। गांव-गांव के लोगों को शाकाहारी व नशामुक्त बनाकर भजन केन्द्र स्थापित कीजिये। परिवर्तन जब लोगों के विचार बदलेंगे तब होगा। मथुरा में आगरा-दिल्ली बाईपास पर हमारे गुरु महाराज ने विश्व का अनूठा जयगुरुदेव नाम योग साधना मन्दिर बनवाया है, जहां बुराईयां चढ़ाने पर मनोकामना की पूर्ति होती है। यहां आगामी 3 से 5 मार्च तक तीन दिवसीय होली सत्संग मेला आयोजित होने जा रहा है, आप पधारियेगा। आपने अपना अमूल्य समय दिया इसके लिये आप सभी को साधुवाद। सबका जीवन मंगलमय हो, हमारी शुभकामना है।
इस अवसर पर जंगबहादुर सिंह यादव, मनबोध यादव, शशिभान यादव, मनोज गुप्ता, राजेश यादव, प्रभाचन्द यादव, मनोज यादव, प्रो. किशुन यादव, लाल जी मिश्र, स्वतंत्रदेव मिश्र, देवेन्द्र पाल, परिखन चौहान, भोला यादव, अशोक यादव, जोखू यादव, रामदुलार यादव सहयोगी संगत बरेली के जमुना प्रसाद गंगवार आदि मौजूद रहें। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा। कार्यक्रम के बाद धर्म यात्रा अगले पड़ाव मालीपुर (मुड़ेरा) ब्लाक मुहम्मदाबाद के लिये प्रस्थान कर गई। यहा आज दोपहर 12. बजे से सत्संग संदेश आयोजित है।