Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की घोषणा हो चुकी है, जिसमें भारतीय सामानों पर वसूला जा रहा टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है. खास तौर पर गारमेंट, लेदर और फुटवियर बनाने वाली कंपनियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है. अमेरिका ने पिछले साल भारत पर 25 प्रतिशत का रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था. इसके साथ ही, अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया था. इस तरह से अमेरिका ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था.
अतिरिक्त टैरिफ भी हटेगा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस डील की घोषणा करते हुए कहा कि भारत पर टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है. भारत पर रूसी तेल खरीदने के लिए लगाया गया 25% अतिरिक्त टैरिफ भी हटाया जा रहा है. ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी तेल की खरीद बंद करने के लिए सहमत हो गए हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों का कहना है कि इस डील में भारत की चिंताओं का ध्यान रखा गया है जबकि अमेरिका की चिंताओं का भी पूरा ख्याल रखा गया है.
चीन-बांग्लादेश पर भारी पड़ेगा भारत?
अमेरिका भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर हैं. दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार 131.84 अरब डॉलर का है. सबसे बड़ी बात यह है कि अमेरिका के साथ भारत ट्रेड सरप्लस की स्थिति में है. दोनों देश पिछले साल फरवरी से ट्रेड एग्रीमेंट पर बातचीत कर रहे हैं. दोनों देशों ने 2030 तक आपसी ट्रेड को 500 अरब डॉलर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है.
एक्सपोर्ट के आंकड़े और पिछले टैरिफ का असर
अप्रैल से नवंबर के बीच भारत से अमेरिका का एक्सपोर्ट 11.3 फीसदी बढ़कर 59 अरब डॉलर पहुंच गया. इस दौरान स्मार्टफोन का एक्सपोर्ट दोगुना होकर 16.7 अरब डॉलर हो गया. अगस्त में भारतीय सामान पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया गया था और उसके बाद रूस से तेल खरीदने के कारण 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया गया था. कई कंपनियों ने इस टैरिफ से बचने के लिए ज्यादा सामान पहले ही अमेरिका भेज दिया था. इसके अलावा भारत से अमेरिका जाने वाले करीब 40 फीसदी एक्सपोर्ट पर टैरिफ लागू नहीं था, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक्स और फार्मा सेक्टर शामिल हैं.
किन देशों से सबसे कम टैरिफ ले रहा है अमेरिका
- यूनाइटेड किंगडम: 10 प्रतिशत
- यूरोपीय संघ: 15 प्रतिशत
- जापान: 15 प्रतिशत
- दक्षिण कोरिया: 15 प्रतिशत
- स्विट्जरलैंड: 15 प्रतिशत
किन देशों से सबसे ज्यादा टैरिफ ले रहा है अमेरिका
- ब्राजील: 50 प्रतिशत
- म्यांमार: 40 प्रतिशत
- लाओस: 40 प्रतिशत
- चीन: 37 प्रतिशत
- दक्षिण अफ्रीका: 30 प्रतिशत
दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों से कितना टैरिफ वसूल रहा है अमेरिका
- बांग्लादेश: 20 प्रतिशत
- वियतनाम: 20 प्रतिशत
- मलेशिया: 19 प्रतिशत
- कंबोडिया: 19 प्रतिशत
- थाईलैंड: 19 प्रतिशत
- पाकिस्तान: 19 प्रतिशत
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने-चांदी के दामों में मामूली बदलाव, एक मिस कॉल से जाने लेटेस्ट भाव