Meghalaya: मेघालय की एक कोयला खदान में बड़ा धमाका हुआ है. इस धमाके से कम से कम 10 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं, मौके पर बचाव और राहत कार्य जारी है. धमाका इतना तेज था कि खदान में काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. आशंका जताई जा रही है कि मृतकों में शामिल सभी मजदूर पड़ोसी राज्य असम के रहने वाले थे.
3 मृतकों की हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक, कोयला खदान हादसे में जिन 10 मजदूरों की मौत हुई है, उस में 3 मृतकों की पहचान हो गई है. यहां बिहारा गांव में रहने वाला फारुक अहमद, शरीशा कुरी गांव में रहने वाले दिलदार हुसैन और अनवरा हुसैन हैं. इस घटना की पुष्टी पुलिस सुपरिटेंडेंट विकास कुमार ने की है. उन्होंने कहा कि दूर की खुदाई वाली जगह में चार लाशें मिली हैं. एक बुरी तरह जले हुए व्यक्ति को इलाज के लिए सिलचर भेजा गया है.
धमाके का कारण: गैस रिसाव या तकनीकी खामी?
शुरुआती अनुमानों के अनुसार, खदान के भीतर गैस रिसाव या किसी तकनीकी खामी को इस धमाके का संभावित कारण माना जा रहा है. हालांकि, विशेषज्ञों की टीम द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा. अधिकारियों ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है.
अवैध खनन के दौरान घटना
बता दें कि घायलों को शिलांग रेफर किया गया है. राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों को बचाव और राहत कार्यों में सहायता के लिए घटनास्थल पर भेजा गया. घटनास्थल से मिली रिपोर्टों से पता चला है कि विस्फोट के बाद जिस पहाड़ी पर अवैध खनन चल रहा था. वह आंशिक रूप से ढह गई.
इसे भी पढ़ें:-आयकर विभाग में नौकरी पाने का सुनहरा मौका, MTS और टैक्स असिस्टेंट के पदों पर भर्ती शुरू