सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, दिल्लीवासियों को चार ऐतिहासिक योजनाएं समर्पित, महिलाओं को मिलेगी नई ताकत

Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चार ऐतिहासिक योजनाएं राष्ट्र को समर्पित की हैं. इनसे सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली की नींव को मजबूती मिलेगी. इन योजनाओं में सहेली स्मार्ट पिंक कार्ड, एलपीजी एवं पीएनजी उपभोक्ताओं को सिलेंडर राशि का डीबीटी, लखपति बिटिया योजना और मेरी पूंजी मेरा अधिकार योजना शामिल है. इन योजनाओं से दिल्ली की महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में चार महत्वपूर्ण योजनाएं जनता को समर्पित की गईं. इन योजनाओं से दिल्ली की महिलाएं शहर के अंदर फ्री में सफर कर सकेंगी. उनकी रसोई का बजट कम होगा. इसके साथ ही बेटियों को पढ़ने में मदद मिलेगी और स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद भी मिलेगी.

दिल्लीवासियों को होली की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “मैं अपनी ओर से सभी दिल्लीवासियों को होली की शुभकामनाएं देती हूं. हमने मुफ्त सिलेंडर का वादा पूरा किया है और दिल्ली की बहनों को पिंक कार्ड भी दे दिए हैं. अब दिल्ली की DTC बसों में हमारी दिल्ली की बहने सफर कर पाएंगी. आज दिल्ली की बेटियों के लिए हमने नई योजना लागू की है, दिल्ली लखपति बिटिया योजना. इसमें दिल्ली सरकार बेटियों के जन्म से लेकर स्नातक तक सपोर्ट करेंगी.

दिल्ली सरकारी की चार अहम योजनाएं 

1) सहेली स्मार्ट पिंक कार्डः महिलाओं की सुरक्षित और सुलभ आवागमन सुविधा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सहेली पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड का शुभारंभ किया गया, जिससे दिल्ली परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा वन नेशन, वन कार्ड के विजन के अनुरूप उपलब्ध होगी.

2) एलपीजी एवं पीएनजी उपभोक्ताओं को सिलेंडर राशि का डीबीटीः होली और दीपावली पर राशि सीधे आधार-लिंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी. हर उपभोक्ता के खाते में ₹853 भेजे जाएंगे. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना लाभार्थियों को ₹553 की सहायता मिलेगी. इस पहल के अंतर्गत ₹130 करोड़ की राशि सीधे महिलाओं के खातों में भेजी गई है.

3) लखपति बिटिया योजनाः इस योजना के तहत बेटी के जन्म से उसकी ग्रैजुएशन तक की पढ़ाई पूरी होने तक हर चरण पर सरकार मदद करती है. बेटी के जन्म पर ₹61,000 की सरकारी राशि जमा कर दी जाती है, जो ब्याज सहित स्नातक की पढ़ाई पूरी होने पर लगभग ₹1.25 लाख हो जाती है. इस योजना की प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल, फेसलेस और एंड-टू-एंड ऑनलाइन है. बजट में लखपति बिटिया योजना के लिए ₹128 करोड़ का प्रावधान है. अनाथ एवं चाइल्ड केयर संस्थानों में रह रही लड़कियों को भी इस योजना में शामिल किया गया है.

4) मेरी पूंजी मेरा अधिकारः इस योजना के तहत लाडली योजना की बकाया राशि का वितरण किया जाएगा. लगभग 1.75 लाख लाभार्थियों की पहचान की गई है. पहले चरण में 30,000 बालिकाओं के खाते में कुल ₹90 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे. दूसरे चरण में 40,000 बालिकाओं के खातों में ₹100 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. लंबित राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी.

राष्ट्रपति ने महान महिलाओं को स्मरण किया

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’, सहेली स्मार्ट कार्ड और दिल्ली लखपति बिटिया जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सभी कल्याणकारी योजनाएं दिल्ली की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर समृद्ध दिल्ली के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी.

उन्होंने भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति, ज्ञान और समृद्धि के रूप में पूजनीय बताते हुए लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर, रानी लक्ष्मीबाई, सावित्रीबाई फुले, रानी गाइडिनल्यू और सरोजिनी नायडू जैसी महान महिलाओं के योगदान को स्मरण किया.

इसे भी पढ़ें:-डबल डेकर बस ने कार को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत, सात घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *