Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में केन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन किया. यह सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. यह देश का दूसरा ऐसा प्लांट है. उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने प्लांट का जायजा लिया. साथ ही उन्होंने ऑपरेटर्स और इंजीनियरों से बातचीत की.
पीएम मोदी ने सम्राट संप्रति संग्रहालय का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महावीर जयंती के अवसर पर गांधीनगर के कोबा में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया. यह संग्रहालय जैन इतिहास और सम्राट संप्रति के जीवन, उनके शासन और अहिंसा के संदेश को समर्पित है. इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कोबा तीर्थ में मूल्यों का संरक्षण, सांस्कृतिक लोकाचार का सशक्तिकरण और ज्ञान का संवर्धन होता है. उन्होंने इसे तीन धाराओं – अध्ययन, आध्यात्मिक साधना और आत्म-अनुशासन – का संगम बताया. प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि इस पवित्र संगम के प्रवाह को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है.
सम्राट सम्प्रति म्यूजियम की खासियत
सम्राट सम्प्रति म्यूजियम में दो हजार से अधिक दुर्लभ कलाकृतियां रखी गई हैं, जो जैन धर्म के विकास और उसके सांस्कृतिक प्रभाव को दर्शाती हैं. इसमें सात अलग-अलग विंग हैं, जहां दुर्लभ जैन चट्टानों, पत्थर और धातु की मूर्तियां, प्राचीन पांडुलिपियां, सिक्के और मिनिएचर पेंटिंग प्रदर्शित की गई हैं. यह म्यूजियम जैन संस्कृति की गहरी समझ प्रदान करेगा.
वाव-थराड में बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास
शाम करीब 4 बजे पीएम मोदी वाव-थराड पहुंचेंगे, जहां वे 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में बिजली, रेलवे, सड़क परिवहन, स्वास्थ्य, शहरी विकास और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं. यह योजनाएं राज्य की आर्थिक प्रगति को और गति देंगी.
अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
पीएम मोदी अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का भी उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत 5,100 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है. यह एक्सप्रेसवे धोलेरा विशेष निवेश रीजन (DSIR) के समन्वय को मजबूत करेगा और औद्योगिक विकास में मदद करेगा. इस एक्सप्रेसवे से पर्यटन स्थल धोलेवीरा तक भी पहुंच आसान होगी.
प्रमुख बाइपास और एनएच-754K का शिलान्यास
इसके अलावा, पीएम मोदी इदार-बडोली बाइपास के चार लेन निर्माण और NH-754K के धोलेवीरा-मौवाना-वाव-सांतलपुर सेक्शन के उद्घाटन का शिलान्यास भी करेंगे. इन परियोजनाओं से लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी.
इसे भी पढ़ें:-दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस भाजपा में शामिल, बंगाल में चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल