UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को ग्रेटर आगरा की सौगात देने आ रहे हैं. मुख्यमंत्री शाम करीब 4:30 बजे कुबेरपुर क्षेत्र के गांव रहनकलां और रायपुर पहुंचेंगे. यहां वह आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की 5142 करोड़ रुपये की ग्रेटर आगरा परियोजना का शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे. इस दौरान सीएम टाउनशिप के मॉडल का अवलोकन करने के साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे.
सुविधाओं से लैस होगी ‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप
योगी सरकार की ‘नए शहर प्रोत्साहन योजना’ और शहरी विस्तारीकरण के तहत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा इस विशाल टाउनशिप का निर्माण किया जा रहा है. ग्राम रायपुर और रहन कलां की 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 10 अत्याधुनिक आवासीय टाउनशिप बसाई जाएंगी. ‘ग्रेटर आगरा’ विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस होगा, जिसमें बेहतरीन पार्क, चौड़ी सड़कें, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति और सभी आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. यह योजना आगरा के आवासीय स्वरूप को पूरी तरह बदल देगी.
टाउनशिप का क्या होगा नाम?
इन टाउनशिप का नाम देश की प्रमुख नदियों जैसे गंगा, नर्मदा, गोमती और कावेरी के नाम पर रखा गया है. पहले चरण में गंगापुरम, नर्मदापुरम और महानदीपुरम को लॉन्च किया जाएगा. इन क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं, चौड़ी सड़कों और हरित क्षेत्रों के साथ विकसित किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके.
जनसभा को करेंगे संबोधित
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 7 अप्रैल को 4:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर एक्सप्रेसवे के समीप रायपुर रहन कलां स्थित कार्यक्रम स्थल पर उतरेगा. वहां आगरा के प्रभारी मंत्री/ पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह उनका भव्य स्वागत करेंगे. दोपहर 4:30 बजे मुख्यमंत्री ‘ग्रेटर आगरा’ योजना का शिलान्यास व भूमिपूजन करेंगे. इसके बाद वह करोड़ों रुपये की अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शाम करीब 5:25 बजे मुख्यमंत्री आगरा से प्रस्थान करेंगे.
इसे भी पढ़ें:-मणिपुर में उग्रवादियों का हमला, सोते हुए परिवार पर फेंका बम, दो बच्चों की दर्दनाक मौत