Heatwave Alert: भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी की शुरुआत हो गई है. दोपहर के समय आसमान से आग बरस रही है. आने वाले दिनों में ये गरमी अपना और प्रचंड रूप दिखाएगी. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि अगले चार से पांच दिन तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के आसपास के कुछ इलाकों में लू (Heatwave) चलने का प्रबल अनुमान है. इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
दिल्ली में अब चलेगी लू भयंकर
राजधानी दिल्ली में आज से 24 अप्रैल तक दिन में लू के थपेड़े आपको परेशान करने वाले हैं. आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के पार जाएगा. आसमान साफ रहेगा और दिन में लू का येलो अलर्ट है. 22 अप्रैल से 26 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर ही रहेगा पर न्यूनतम तापमान 26 डिग्री को छुएगा. बारिश का कोई अलर्ट नहीं है.
इन राज्यों में है लू का अलर्ट
आईएमडी ने बताया कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी बंगाल में गंगा के मैदानी भाग, झारखंड, बिहार. ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने का अनुमान है.
यूपी में 44 सेल्सियस के पार पहुंचा तापमान
पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में मौसम ड्राई रहा. दिन में आसमान साफ रहा. तेज धूप खिली जिसके कारण प्रदेश के कुछ स्थानों पर लूं चली. भीषण गर्मी और हीट वेव कंडीशन को देखते हुए, कुछ जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. प्रयागराज 44.4 वाराणसी 44 बाराबंकी 42 कानपुर देहात 42.6 बांदा 43 सुल्तानपुर 43.3 अमेठी गाजीपुर 42 आगरा 42. 3 आजमगढ़ 42.9 झांसी 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
यूपी के इन जिलों में अधिक लू चलने की संभावना
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में लू चलने का अलर्ट जारी.
बिहार में लू का अलर्ट
बिहार में पिछले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण गर्मी से राहत जरूर मिली थी लेकिन अब यह राहत खत्म हो रही है. आज बिहार के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहेगा और धूप चमकेगी. इसका सीधा असर तापमान पर दिखेगा. पटना समेत 11 जिलों में लोगों को गर्मी ने बेहाल करके रख दिया. अप्रैल के महीने में गर्मी लगातार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.
भारत के तटीय इलाकों में रहेगी उमसभरी गर्मी
आईएमडी ने कहा, ’20 से 26 अप्रैल के दौरान पश्चिमी बंगाल में गंगा के कुछ मैदानी इलाकों; 20 से 22 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल; 20 से 24 अप्रैल के दौरान केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा 24 और 25 अप्रैल को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की प्रबल संभावना है.’
रात का तापमान बढ़ने की संभावना
इसके अलावा 20 और 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और 20 से 22 अप्रैल के बीच ओडिशा में कुछ इलाकों में रात का तापमान बढ़ने का अनुमान है.
देश के इन राज्यों में गरज के साथ बारिश का अनुमान
आईएमडी ने कहा कि सोमवार को देश के दक्षिण, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के विभिन्न राज्यों में मध्यम से तीव्र गरज के साथ बारिश हो सकती है. आईएमडी के अनुसार, सोमवार को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने की फीकी पड़ी चमक, चांदी के भाव स्थिर, जानें ताजा रेट