सपा संस्थापक पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का निधन, दौड़ी शोक की लहर

UP News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का बुधवार (13 मई) सुबह निधन हो गया है. प्रतीक यादव ने लखनऊ के सिविल अस्पताल में आखिरी सांस ली. प्रतीक महज 38 साल के थे. उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए KGMU भेज दिया गया है. जिसके बाद ही उनकी मौत का सही कारण पता चल सकेगा. प्रतीक के निधन पर बड़े भाई अखिलेश यादव ने समेत तमाम नेताओं ने दुख जाहिर किया है.

लखनऊ के सिविल अस्पताल में ली आखिरी सांस

प्रतीक यादव को इलाज के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था. प्रतीक को उनके घर वाले अस्पताल लेकर पहुंचे थे. वहां इलाज के दौरान ही प्रतीक यादव का निधन हो गया. फिलहाल, प्रतीक यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रतीक के पार्थिव शरीर को एक एंबुलेंस में ले जाते हुए देखा गया. हालांकि, उनकी मृत्यु का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. परिवार की ओर से भी कोई औपचारिक पुष्टि सामने नहीं की गई है.

सीएम योगी ने प्रतीक के निधन पर जताया दुख

वहीं प्रतीक यादव के निधन पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का अचानक निधन अत्यंत दुखद है. मेरी ओर से हार्दिक श्रद्धांजलि.दुखद परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति प्राप्त हो और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति मिले ॐ शांति!’.

पत्नी अपर्णा यादव भाजपा नेता हैं

उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा नेता हैं. अपर्णा वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. उन्होंने 2022 में भाजपा का दामन थामा था. प्रतीक यादव से उनकी शादी 2011 में हुई थी. हालांकि, कुछ दिनों पहले प्रतीक और अपर्णा के रिश्तों में तनाव देखा गया.

अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे

प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे, जबकि अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे. प्रतीक बिजनेस और फिटनेस सेक्टर से जुड़े थे. उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी लंदन से एमबीए की डिग्री हासिल की थी. वे आम तौर पर सक्रिय राजनीति से दूर रहे. प्रतीक ने अब तक कोई चुनाव नहीं लड़ा और न समाजवादी पार्टी में कोई बड़ा पद संभाला था.

इसे भी पढ़ें:-Petrol Diesel Price: कितना महंगा या सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल, जानें अपने शहर का ताजा रेट्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *