Tamil Nadu news: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय ने किसानों के लिए बड़ा कदम उठाया है। थलपति विजय ने तमिलनाडु के सीमांत किसानों के लिए सहकारी बैंकों से लिए गए 50000 रुपये तक के फसल लोन को माफ करने और इसके साथ राज्य के बड़े किसानों के लिए भी 5000 रुपये तक के फसल लोन माफ करने की घोषणा की है । मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले से राज्य के 14.22 लाख किसानों को लाभ मिलेगा और सरकार पर 2,044 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
सहकारी बैंकों को ट्रांसफर होगी राशि
सरकार का कहना है कि यह राशि सीधे सहकारी बैंकों को ट्रांसफर की जाएगी, ताकि किसानों के नाम पर कोई बकाया न रहे। इस फैसले से किसानों को राहत मिलेगी. जिनका फसल मौसम की मार या बाजार की अनिश्चितता से बर्बाद हो गई है।
कब से कब तक लोन लेने वालों को मिली राहत
भारतीय रिजर्व बैंक के सरकारी लोन माफी योजनाओं के लिए मॉडल ऑपरेशनल गाइडलाइन (28.11.2025) के अनुसार सरकार ने यह कदम उठाया। इनमें यह शर्त है कि सरकार को फसल ऋण माफी की पूरी राशि 45 से 60 दिनों के भीतर वितरित करनी होगी। तमिलनाडु सरकार की वर्तमान वित्तीय स्थिति और उपलब्ध वित्तीय संसाधनों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एक मई 2025 और 28 फरवरी 2026 के बीच सहकारी बैंकों से किसानों की ओर से लिए गए फसल लोन को माफ करने के आदेश जारी किए हैं।
जल्द जारी होगी गाइडलाइन
सीएम की इस घोषणा के बाद किसानों में खुशी की लहर है। किसान नेता इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं। वहीं तमिलनाडु सरकार जल्द ही इस योजना को लागू करने के लिए गाइडलाइंस जारी करेगी। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र किसानों की सूची तैयार की जाए और कोई भी किसान छूट न जाए।