Weather: दिल्ली में सुबह हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। बारिश होने के कारण दिल्ली एनसीआर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 घंटे तक इसी तरह से बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते दिल्ली के तापमान में गिरावट की जाएगी। इसके साथ ही तेज हवा के साथ बारिश और आंधी का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिन तक इसी तरह से रुक-रुक कर बारिश होगी। हालांकि, अभी मानसून का आगमन दिल्ली में नहीं हुआ है।
भीषण गर्मी से राहत
दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। रविवार को दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 38.4 से 39.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रिज का तापमान सबसे ज्यादा 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा था। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज सबसे ठंडा इलाका है, जहां तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है।
अब कैसा रहेगा मौसम?
15-16 जून: आंशिक बादल छाए रहेंगे। दोपहर/शाम में हल्की/बहुत हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा (40-60 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38-41°सेल्सियस और न्यूनतम 25-27° सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
17-19 जून: आंशिक बादल रहेंगे। बारिश की संभावना कम, लेकिन गरज-चमक के छिटपुट आसार। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। अधिकतम 40-43° सेल्सियस तक जा सकता है।
20-25 जून: फिर हल्की बारिश की संभावना, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी बढ़ने का रुझान। न्यूनतम तापमान भी 28-32° सेल्सियस तक चढ़ सकता है।
25-30 जून: मानसून दस्तक दे सकता है। ऐसा होने पर लगातार भारी बारिश होगी। जलजमाव से लोगों को परेशानी हो सकती है।