Gorakhpur: गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की हर समस्या का शीघ्र समाधान कराएं. लोगों की शिकायतों को संवेदनशीलता से लेकर संतुष्टिप्रद निस्तारण सुनिश्चित कराने में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए. जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, चिंता मत करिए. सरकार सबकी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी.
जनता दर्शन में करीब 200 फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे. इनमें महिलाओं की संख्या भी काफी रही, जो जमीन विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़ी शिकायतें लेकर आई थीं. मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की और उनके आवेदन स्वयं प्राप्त किए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. सीएम ने अधिकारियों से कहा कि प्रयास होना चाहिए कि लोगों की समस्याओं का समाधान थाने और तहसील स्तर पर ही हो जाए, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें.
जनता दर्शन के दौरान सबसे अधिक मामले जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े सामने आए. कुशीनगर से आई एक महिला ने शिकायत की कि आवंटन होने के बावजूद उसे उसकी जमीन पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है. इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत कमिश्नर को निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित महिला को उसकी जमीन का कब्जा तत्काल दिलाया जाए. साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
इसे भी पढ़ें:-डिवाइडर से टकराने के बाद गैस टैंकर में लगी भीषण आग, टोल प्लाजा के 7 कर्मी झुलसे, एक का मिला कंकाल