Tamil Nadu: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय शुक्रवार को करूर पहुंचे. जहां पर चुनाव प्रचार के दौरान भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत हो गई थी.वहीं अब मुख्यमंत्री बनने के बाद जोसेफ विजय का ये पहला करूर दौरा है. यहां करूर में सीएम विजय ने 10 KM का रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने करूर के एटलस ग्राउंड में भगदड़ में जान गंवाने वालों 41 लोगों के परिजनों से मिले और उनको सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे. इसके साथ ही 1700 करोड़ की लागत से प्रस्तावित एक नॉन लेदर यूनिट की आधारशिला भी रखी.
सीएम जोसेफ विजय ने करूर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. जहां वे हादसे को याद करते हुए विजय भावुक हो गए और कहा कि जीवन की कोई भी सफलता निर्दोषों की जान जाने के दर्द को मिटा नहीं सकती. उन्होंने कहा, “जीवन में कोई व्यक्ति चाहे कितनी भी ऊंचाई पर पहुंच जाए, दिल के कुछ दर्द और घाव कभी भुलाए नहीं जा सकते. सबसे अधिक जिस दर्द और घाव ने मुझे प्रभावित किया है, वह करूर की घटना है.”
सीएम विजय ने जान गंवाने वालों की याद में एक स्मारक की घोषणा करते हुए कहा कि टीवीके इसे करूर में बनाएगी ताकि आने वाली पीढ़ियां इस घटना को याद रखें और ऐसी त्रासदियों का राजनीतिकरण न हो सके.
बता दें कि करूर में 27 सितंबर 2025 को TVK की पहली चुनावी रैली में भगदड़ मच गई थी. इस भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा घायल हुए थे. इस साल विधानसभा चुनाव में TVK पहली बार चुनाव लड़ने के बावजूद सबसे बड़ी पार्टी बनी. गठबंधन के समर्थन से पार्टी ने सरकार बनाई और विजय मुख्यमंत्री बने.
इसे भी पढ़ें:-ऑस्ट्रेलिया के अखबारों में ‘मिस्टर इंडिया’ बनकर छाए PM मोदी, व्यापार-रक्षा समझौतों पर भी फोकस