Weahter today: पूरे देश में मॉनसून की तेज बारिश ने बरपा रहा है. कहीं से लैंडस्लाइड की खबरें आ रही है तो कहीं बाढ़ जैसे हालात हो गई है. मानसून अब कई राज्यों में यह आफत का दूसरा नाम बनता जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 11 जुलाई को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, झारखंड समेत 20 राज्यों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है. इसके साथ ही कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की गर्जना और मध्यम बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में 11 जुलाई को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, कई स्थानों पर हल्की बारिश जबकि कुछ अलग-अलग इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है. इस दौरान आसमान में बिजली कड़कने की भी आशंका जताई गई है. दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
यूपी कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में मानसून इस समय पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. मिर्जापुर, सुल्तानपुर, हरदोई, मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, बहराइच, बलरामपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बाराबंकी और रायबरेली समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
बिहार में वज्रपात और मूसलाधार बारिश का दोहरा खतरा
बिहार में मानसून के कारण लोगों की चिंताएं बढ़ गई है. लखीसराय, अरवल, रोहतास, भोजपुर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, पटना, गया, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, नालंदा, किशनगंज और खगड़िया सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. हवा की गति 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र का हाल
मध्य भारत की बात करें तो पूर्वी मध्य प्रदेश में कल भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है और यह दौर 15 जुलाई तक खिंच सकता है. छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी कल बारिश होगी, हालांकि इसके लिए कोई गंभीर अलर्ट नहीं है, लेकिन 13 जुलाई तक आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के आसार जरूर हैं. इसके साथ ही, महाराष्ट्र और केरल में भी कल भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है.
पहाड़ों में भूस्खलन और तेज बारिश का खतरा
- उत्तराखंड में नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा और हरिद्वार समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. इस दौरान चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.
- हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, बिलासपुर और सोलन में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की घटनाएं बढ़ सकती हैं.
मौसम विभाग ने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा वज्रपात के समय खुले स्थानों में नहीं जाने की अपील की है. लगातार बारिश से नदियों और जलाशयों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने की कीमतों में आई भारी उछाल, चांदी के दाम स्थिर, जानें आज का लेटेस्ट रेट