Uttar Pradesh: यूपी में मानसून सक्रिय हो गया है. राजधानी सहित कई जिलों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 21 जुलाई तक भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बता दे कि 24 जुलाई तक प्रदेश के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं भारी वर्षा की यलो वार्निंग जारी की गई है. राजधानी में पिछले करीब 10 घंटे से हो रही रिमझिम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है और किसानों के चेहरों पर खुशी लौटा दी है।
मानसूनी द्रोणी के प्रदेश के तराई इलाकों से दक्षिण की ओर खिसककर अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची एवं दीघा होते हुए उत्तरी पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक जाने से प्रदेश में मानसूनी सक्रियता तेजी से बढ़ रही है। इस कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा के आसार बन हुए है।
उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा मानसून
हो रही बारिश धान, ज्वार, बाजरा, मक्का, रागी, सांवा, कोदो, उड़द और अरहर जैसी खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। कृषि महाविद्यालय के कृषि कीट विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि किसान कद्दू, लौकी, करेला और तरोई जैसी बेल वाली सब्जियों के लिए मजबूत मचान तैयार करें तथा खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें।
40 दिन फसल के लिए महत्वपूर्ण
डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मिर्च, टमाटर और बैंगन की रोपाई जल्द पूरी कर लें तथा भिंडी, ग्वार और लोबिया की बुआई भी समय रहते कर दें। धान की रोपाई के बाद शुरुआती 40 दिन फसल के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान खरपतवार और दीमक का प्रकोप उत्पादन को 30 से 40 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है।