Anantnag terror attack: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक बार फिर आतंकियों ने कायरतापूर्ण हमले को अंजाम दिया है. अनंतनाग स्थित लाल चौक के पास कोकेरनाग रोड पर बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर आतंकियों ने अचानक हमला कर दिया. हमले में एक हेड कांस्टेबल, आशिक हुसैन, घायल हो गए और उन्हें अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. लेकिन हुसैन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर आतंकी अपनी गाड़ी से मौके से फरार हो गए. फायरिंग की इस घटना में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. हेड कांस्टेबल,आशिक हुसैन के शहीद होने से पुलिस महकमे में शोक की लहर है.
सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, CRPF और सेना के अतिरिक्त बल मौके पर पहुँच गए. सुरक्षा बलों ने पूरे लाल चौक को सील कर दिया है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है.
इसे भी पढे़ं:-नौसेना में शामिल हुआ INS मालवन, दुश्मन की पनडुब्बियों को गहराइयों में जाकर कर देगा निष्क्रिय