चंबा में चलती सूमो पर पहाड़ से टूटकर गिरी चट्टान, 13 लोगों की दर्दनाक मौत, 2 घायल

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में चंबा जिले के पांगी-उदयपुर सड़क मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक चलती टाटा सूमो गाड़ी के ऊपर चट्टान गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई. जबकि 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं. चट्टान गिरते ही गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और 13 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था. इसी वजह से टैक्सी में सवार 15 लोग यात्री तिंदी में रुके हुए थे. शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर शोक जताया.  उन्होंने ट्वीट किया, इस हादसे की समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है. अपने प्रियजन को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता. इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिजन को इस असहनीय पीड़ा को सहने का संबल एवं शक्ति प्रदान करें.

इसे भी पढ़ें:-बीजेपी में शामिल हुए मृत्युंजय तिवारी, कुछ दिन पहले आरजेडी से दिया था इस्तीफा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *