New Delhi: देशभर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. और कई राज्यों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, इसलिए लोगों को जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की आवश्कता है।
असम और गुजरात पर आफत बनी बारिश
असम में बारिश और बाढ़ का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। वहीं, 9 जिलों में 7 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रशासन प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचाने में जुटा हुआ है। वहीं, गुजरात में भी लगातार भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। बता दे कि बारिश की भायवहता इतनी तेज है कि गुजरात में कावेरी नदी रेलवे ट्रैक को ही बहा ले गई। कई सड़कें बंद हैं और प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने गुजरात के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है।
देश के 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र समेत 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। कई जगहों पर 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। पूर्वी राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
पहाड़ी राज्यों के लिए विशेष चेतावनी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ गया है। प्रसाशन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।